जन सहभागिता बढ़ाकर पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
सहारनपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत मंडलीय पंचायत रिसोर्स सेंटर, सहारनपुर मंडल द्वारा विकासखंड सरसावा में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
मुख्य संदर्भदाता एवं राज्य प्रशिक्षक संदीप कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना में जनभागीदारी बढ़ाकर पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने महिला सहभागिता बढ़ाने, पंचायत की आय के स्रोत विकसित करने तथा ग्राम पंचायतों को हरित, स्वच्छ, जलयुक्त, महिला एवं बाल हितैषी बनाने पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के स्थानीय तरीकों, संसाधनों के मानचित्रण, वार्डवार बैठकों तथा प्रभावी जनसंवाद पर भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सुंदर विधाता प्रदीप शर्मा ने भी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का आयोजन उपनिदेशक पंचायत राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जबकि जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी एवं मंडलीय सलाहकारों का विशेष सहयोग रहा।
