गाजियाबाद: छेड़छाड़ का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीटा

गाजियाबाद: छेड़छाड़ का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीटा
गाजियाबाद: गाजियाबाद से शर्मनाक तस्वीर आई है। यहां एक महिला से राह चलते छेड़खानी का जब बुजुर्ग महिला ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। मामला थाना कवि नगर इलाके के राजापुर गांव का है। बुजुर्ग महिला ने दूसरी महिला से छेड़छाड़ और फब्तियां कसे जाने का विरोध किया था। छेड़छाड़ कर रहे शख्स ने बुजुर्ग महिला को सरेआम चौराहे पर जमकर पीटा।हैरानी की बात यह है कि जब वह बुजुर्ग महिला की पिटाई कर रहा था तो कोई भी महिला को बचाने नहीं आया। महिला बेहोश हो गई। हालांकि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई । कुछ लोगों ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित महिला के बेटे ने थाना कवि नगर में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। साथ ही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है ।

छेड़छाड़ के विरोध पर बुजुर्ग महिला को सरेआम पीटा
पीड़ित महिला के बेटे सुशांत चौधरी ने बताया कि उनकी कॉलोनी में ही एक शख्स रहता है। जोकि अकसर सड़क पर आती-जाती हर उम्र की महिलाओं पर फब्तियां कसता है और छेड़छाड़ करता है। शनिवार को शाम के वक्त जब उसकी मां वहां से निकल रही थीं, तभी आरोपी ने किसी अन्य महिला के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया, जिसका उसकी मां ने विरोध किया। इस पर उस शख्स ने उनकी मां को चौराहे पर ही बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं वहां पड़ी लोहे की कुर्सी से भी उसकी मां पर वार किए गए। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। उन्होंने बताया कि मां को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी हालत अभी भी ठीक नहीं है। सुशांत चौधरी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। उसमें पूरी घटना नजर आ रही है फिर भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना कविनगर इलाके के गांव राजापुर का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक शख्स बुजुर्ग महिला की पिटाई करते हुए नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग महिला के बेटे ने थाना कवि नगर में तहरीर दी है। जिसके आधार पर मामला दर्ज करते हुए गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


विडियों समाचार