1 करोड़ 20 लाख रूपए की स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
- सहारनपुर में गागलहेड़ी पुलिस द्वारा पकड़ा गया नशा तस्कर व बरामद स्मैक।
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी व स्वाट की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर नशा तस्कर को दबोचकर उसके कब्जे से करोड़ों रूपए मूल्य की नाजायज स्मैक व अवैध असलाह मय कारतूस बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर तीनों की जनपदों की पुलिस द्वारा मादक पदार्थें/नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी व बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए आॅपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी व स्वाॅट की संयुक्त टीम ने थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, स्वाट टीम के उपनिरीक्षक नीरज सिंह व उपनिरीक्षक सतीश रोसा के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर चैकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर तालिब पुत्र जुल्फिकार निवासी ग्राम शेरपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार उत्तराखंड को पशु पैठ मैदान गागलहेड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 ग्राम अवैध स्मैक, एक तमंचा मय जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद कर लिया। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 1 करोड़ 20 लाख रूपए बताई जा रही है। दबोचे गए नशा तस्कर जुल्फिकार ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि मैं और मेरा साथी स्मैक बेचने का काम करते हैं। आज हम दोनों यहां स्मैक बेचने आए थे। मेरा साथी ग्राहक ढूंढने गया था, तभी पुलिस ने मुझे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा-8/21 व आयुध अधिनियम की धारा-3/25 के तहत चालान काटकर जेल भेज दिया।
