असम सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

असम सरकार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
  • सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेसजन।

सहारनपुर। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने असम में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बाधित करने के विरोध में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर असम सरकार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेसजन कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए तथा असम की भाजपा सरकार पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बाधित करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन रघुपति राजाराम का भी गुणगान किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि असम की षडयंत्रकारी सरकार बार-बार राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करने का षडयंत्र रच रही है जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में सभी वर्गों के नागरिकों को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं। जबकि भाजपा की जनविरोधी सरकार उनके इस मिशन को असफल करने में जुटी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी राहुल गांधी ने संसद में सच बोलकर अपनी सदस्यता गंवाई थी जिसे उच्चतम न्यायालय ने बाद में बहाल कर दिया था। उन्होंने असम की भाजपा सरकार को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की।

महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि आज जब राहुल गांधी जनता के बीच जाकर जनता से बात करना चाहते हैं तो यह भाजपा को गंवारा नहीं है। उन्होंने जनता को लोकतंत्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि यदि जनता से नेता दूर होंगे तो लोकतंत्र कमजोर होगा और भाजपा इसी तरह देश में लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए राहुल गांधी की राह को रोकने का षडयंत्र रच रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि असम की भाजपा सरकार द्वारा राहुल गांधी को मंदिर में जाने से रोकने का षडयंत्र निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कौन सी नई परम्परा शुरू करना चाहती है कि मंदिरों में जाने के लिए भी सरकार से अनुमति लेनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन किसी भी सूरत में आस्थाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे तथा भाजपा सरकारों इन षडयंत्रों का डटकर विरोध करेंगे।

प्रदर्शनकारियों में प्रदेश सचिव अशोक सैनी, राहत खलील, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, युकां जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा, पूर्व पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सोनू पठान, सोमपाल कश्यप, अक्षय चौधरी, संजीव डावरे, नसीब खान, आरिफ खान, मनीष सहगल, रवि जाटव, जादोराम गुप्ता, धर्मपाल जोशी, राजीव बतरा, अक्षय चौधरी, जौनी बिरला, अरविंद कुमार आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे