‘आओ न डरो मत, राहुल गांधी बस थोड़ी सी धुलाई करेंगे’, संजय राउत ने PM मोदी पर साधा निशाना
संसद के मानसून सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र और अमित शाह की गैरमौजूदगी पर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं. इसी क्रम में उद्धव ठाकरे गुट के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भी पीएम मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए सोशल मिडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. संजय राउत ने तंजिया लहजे में लिखा, “आओ न, डरो मत, राहुल गांधी अच्छा इंसान हैं कुछ नहीं करेंगे. बस थोड़ी सी धुलाई करेंगे.”
संजय राउत ने पोस्ट में लिखा, “आप 56 इंच वाले हो, मालूम है. एक बार अंदर आकर तो देखो. डरो मत. राहुल गांधी अच्छे संस्कारी इंसान हैं. वो आपको कुछ नही करेंगे. केवल थोड़ी सी धुलाई करेंगे, इतना तो हक बनता ही है. शिवसेना यूबीटी सांसद ने आगे लिखा, “राहुल संसद के दरवाजे पर खड़े हैं. छुपके मत देखो. आओ भाई, आईए.”
सत्र की शुरुआत रही हंगामेदार
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के एक मिनट के भीतर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई. संसद के मानसून सत्र के चौथे सप्ताह की शुरुआत भी पिछले तीन सप्ताह की तरह ही हंगामेदार रही और आज लगातार 16वें दिन सदन में प्रश्नकाल नहीं हो सका.
कार्यवाही 11 बजे शुरू होते ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर शोर-शराबा करने लगे. आसन पर आज आरएसपी नेता एन के प्रेमचंद्रन थे जिन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराने का प्रयास किया. सामान्य तौर पर लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही के समय आसन पर अध्यक्ष ओम बिरला होते हैं. हंगामा जारी रहने पर प्रेमचंद्रन ने बैठक शुरू होने के एक मिनट के अंदर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी.
