मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, भीषण गर्मी से नागरिकों को मिली राहत
सहारनपुर। सुबह से ही हो रही घनघोर मानसूनी वर्षा के चलते जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं मलिन बस्तियों एवं सड़कों पर जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि पिछले काफी दिनों से शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी के चलते लोगों को बारिश का काफी इंतजार था। इसी के चलते बुधवार को हुई बारिश से लोगों को राहत मिली थी परंतु बृहस्पतिवार को सुबह से हुई तेज बारिश के कारण नागरिकों एवं किसानों को काफी राहत मिली है परंतु महानगर की मलिन बस्तियों एवं सड़कों पर जल भराव के चलते नगर निगम के सभी इंतजामों की पोल खोल दी है। भारी बारिश के चलते स्कूली बच्चों को भीगते हुए स्कूलों में जाना पड़ा तथा कर्मचारियों को भी कार्यालयों में जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव देहात से आए लोगों को सरकारी कार्यालयों एवं वादकारियों को कचहरी में बारिश के बीच आना पड़ा। कलक्ट्रेट परिसर एवं दीवानी कचहरी सहित अधिकतर कार्यालयों में भारी बारिश एवं कुछ जगहों पर पानी एकत्र होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। महानगर की कुछ मलिन बस्तियों एवं सड़कों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर निगम पोल उस समय खुल गई जब नालियों में जल निकासी न होने के चलते नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया।
उधर बारिश के इंतजार खत्म होने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। जिन किसानों ने अभी तक धान की रोपाई नहीं की थी, उन्होंने धान रोपाई की शुरू कर दी तथा आम, धान व गन्ना आदि की फसलों को फायदा होगा। उधर शिवालिक पर्वत की तहलटी से निकलने वाली नदियों में अचानक तेज बहाव के साथ पानी आने के चलते घाड़ क्षेत्र में वहां के निवासियों की चिंताएं बढ़ गई हैं तथा कुछ लोगों को आने-जाने एवं किसानों को खेतों पर जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। शाकम्भरी खोल में अचानक तेज बहाव के साथ पानी आने के चलते श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी की मात्रा एवं बहाव अत्यधिक होने के कारण पानी दुकानों में भी भर गया था। पानी के कारण दुकानों में रखे सामान को भी नुसान होने की संभावना है। इतना अधिक और बहाव थाहालांकि शाकम्भरी मंदिर परिसर में जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा सुरक्षा बलों द्वारा श्रद्धालुओं को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था तथा कुछ को भूरा देव मंदिर तक ही रोक दिया गया था। हालांकि अभी तक घाड़ क्षेत्र की नदियों में आने पानी के कारण किसी प्रकार का कोई नुकसान होने की सूचना नहीं है परंतु जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को जागरूक रहने की सलाह एवं पुलिस बल की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उधर मौसम विभाग ने सहारनपुर सहित समूचे उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में आॅरेंट अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
