खाद्य सुरक्षा विभाग छजुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवलोक फूड प्रोडक्ट पर मारा छापा
सहारनपुर। शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के क्रम में जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छजुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवलोक फूड प्रोडक्ट पर छापेमार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर अचार, टोमैटो सॉस, रेड चिली सॉस, सोया सॉस एवं सिंथेटिक विनेगर बिक्री हेतु तैयार अवस्था में पाए गए। मौके पर अचार की पैकिंग का कार्य भी संचालित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर बिक्री हेतु तैयार रखे टोमैटो सॉस एवं रेड चिली सॉस के दो नमूने संग्रहित कर खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों के आधार पर संचालक को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी की जा रही है तथा निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदंबा प्रसाद, जवाहर लाल, विनोद कुमार, कुलदीप तिवारी एवं अमित गौतम उपस्थित रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की छापेमार एवं सैंपलिंग कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
