दिल्ली में 2 दिन पहले ही विदा हुआ मानसून, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में मानसून ने 23 सितंबर (बुधवार) को पूरी तरह अलविदा कह दिया है. बुधवार को भारतीय मौमस विभाग (IMD) ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस साल मानसून दिल्ली में 2 जुलाई को आया और 25 सितंबर इसके वापसी की तारिख थी, लेकिन समय से 2 दिन पहले ही ये विदा हो गया है. इससे पहले साल 2002 में मानसूम 20 सितंबर को लौटा था.
IMD के अनुसार, बुधवार (23 सितंबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.3 डिग्री अधिक है. रात के समय न्यूनतम तापमान गिरकर 24.8 डिग्री पहुंच गया था.
आज मौसम रहेगा शुष्क
IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार (24 सितंबर) को आसमान साफ रहेगा और धूप से गर्मी बढ़ेगी, लेकिन रातें आराम देने वाली हैं. 27 सितंबर तक मौसम शुष्क रहने का ही अनुमान है, लेकिन 28 सितंबर को हल्की बूदाबांदी के आसार हैं.
गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. दिन के समय में दक्षिण-पूर्व दिशा से 5-10 किमी/धंटा की गति से हवाएं चलेंगी. हवा की रात में हवा की गति बढ़ सकती है.
पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान?
IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला है. इस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में 10-15 किमी/घंटा की गति से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं. इस दौरान अधिकतम नमी दर 80 प्रतिशत और न्यूनतम नमी दर 58 प्रतिशत रहा.
रिज में सीजन की सबसे अधिक बारिश
दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में इस बार मानसून सीजन में कुल 728 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 17% अधिक है. इसके अलावा सबसे अधिक रिज में कुल 777 मिमी, फिर अयानगर में 736 मिमी, पालम में 729 मिमी और लोधी रोड में 723 मिमी की औसत बारिश दर्ज की गई है.
कैसी रही हवा की गुणवत्ता?
मानसून के बाद अब दिल्ली में ठंड की शुरूआत के लिए मौसम अनुकूल बनना शुरू हो रहा है, लेकिन ठंड के साथ ही हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी की तरफ बढ़ने लगी है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की औसत हवा की गुणवत्ता ‘मॉडरेट’ (मध्यम) श्रेणी में रही, जिसमें औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 158 दर्ज किया गया. इससे पहले 19 सितंबर को AQI 118 था, 20 सितंबर को बढ़कर 160, 21 सितंबर को 169 और 22 सितंबर को 178 दर्ज किया गया था.
