पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने रविवार को मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री मुकेश सहनी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) प्रमुख मुकेश सहनी जब 2014-15 में भाजपा में थे तो हमें  धोखा देकर लालू प्रसाद यादव के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में चले गए। जब आरजेडी के साथ रहे तो अचानक उनकी पीठ में छूरा भुक गया और वापस भाजपा में आ गए। विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में जाकर योगी आदित्यनाथ और संजय निषाद को वोट न देने की बात कही। भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कहा कि कुछ लोग आदतन धोखेबाज होते हैं। संजय जायसवाल ने कहा कि बोचहां का चुनाव एक ईमानदार कार्यकर्ता और दो दलबदलुओं के बीच का है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी मतों से विजय मिलेगी।

बिहार के हर चुनाव का इतिहास सच्चाई बताता है

विधान परिषद चुनाव को लेकर संजय ने कहा कि यह जन प्रतिनिधियों के बीच का चुनाव है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेहतर कार्य किए हैं, इसका परिणाम दिखेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के हर चुनाव का इतिहास सच्चाई बताता है। इलेक्शन से पहले विपक्ष उत्साहित होता है। चुनाव रिजल्ट घोषित होने पर एनडीए के कार्यकर्ता खुशी मनाते हैं।

राजद ने अपने कार्यकाल में चुनाव तक नहीं होने दिए

डा. संजय जायसवाल ने बिहार में लालू-राबड़ी के कार्यकाल पर हमला किया। उन्होंने कहा कि राजद ने तो अपने 15 साल के कार्यकाल में मुखिया से लेकर वार्ड सदस्य तक के चुनाव नहीं होने दिए। एनडीए ने चुनाव कराया और आज पंचायतों की तस्वीर बदली है। केंद्र सरकार बिहार की पंचायतों को विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि दे रही है। इससे जाहिर है कि जनता और जनप्रतिनिध इसे याद रखेंगे। संजय ने कहा कि विधान परिषद और बोचहां विधानसभा दोनों ही चुनावों में एनडीए की जीत पक्की है।