जानकी भवन में हवन-यज्ञ के साथ मां दुर्गा पूजा का समापन, 251 कन्याओं का पूजन
कन्या पूजन के बाद भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, माता के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
सहारनपुर। भूतेश्वर रोड स्थित जानकी भवन में आयोजित मां दुर्गा पूजा का समापन विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ कर किया गया। इस अवसर पर अष्टमी के दिन 251 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पंडित योगेश दीक्षित के नेतृत्व में प्रथम नवरात्र से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में मां दुर्गा सहित नौ देवियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सुबह-शाम माता की आरती की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने माता की भक्ति में भाग लेकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अष्टमी के अवसर पर 251 कन्याओं का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोजन कराकर उपहार दिए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद शाम को पंडित योगेश दीक्षित के नेतृत्व में हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
विजयदशमी पर होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
हवन-यज्ञ के बाद अटूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
पंडित योगेश दीक्षित ने बताया कि जानकी भवन में पिछले कई वर्षों से मां दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। माता रानी की कृपा से हर वर्ष यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न होता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्थापित प्रतिमाओं का विजयदशमी के दिन विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा।
कार्यक्रम में रुद्र गोयल, सनी वर्मा, शिवम सेठी, देव गुप्ता, श्याम शर्मा, शुभम सेठी, रूपक सेठी, श्रेयांश दीक्षित, सिद्धार्थ प्रजापति, आयुष मनचंदा और शुभम वर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
