सपा प्रत्याशी प्रमेन्द्र भाटी के समर्थन में अधिवक्ताओं से एकजुट होने की अपील
जमाल साबरी बोले- अधिवक्ताओं की समस्याओं को विधान परिषद में उठाने के लिए अपना प्रतिनिधि चुनने का मौका
सहारनपुर। मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी प्रमेन्द्र सिंह भाटी के समर्थन में समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव जमाल साबरी एडवोकेट ने अधिवक्ताओं से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के पास अपना प्रतिनिधि चुनकर विधान परिषद में भेजने का अवसर है, जो उनकी समस्याओं को सरकार के सामने उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास कर सके।
दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जमाल साबरी ने कहा कि प्रमेन्द्र सिंह भाटी पूर्व में जिला बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष रह चुके हैं और समाजवादी पार्टी की ओर से स्नातक एमएलसी का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने सहारनपुर के अधिवक्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर उनके पक्ष में समर्थन जुटाएं, ताकि अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से विधान परिषद में उठाया जा सके।
एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने पर जोर
जमाल साबरी ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराना और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू कराना प्रमुख मुद्दे हैं। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण और हाईकोर्ट बेंच की स्थापना जैसे विषयों पर भी प्रभावी पहल की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता के रूप में गुजारा भत्ता दिलाने तथा 60 वर्ष की आयु पार कर चुके वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व मजबूत होने से उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जा सकेगा।
बैठक में विनोद कुमार, शाहजमा, धर्मेंद्र, राव शमीम, अब्दुल रहमान, ऐजाज, रुमन लांबा, फैसल इकबाल, फाइम अहमद, संदीप, जुबैर अली, सागर, शहजाद, आजाद खान, फैसल नसीम, कादिर राणा, शोएब, अभिषेक, सोनू, विकास कुमार, राव खालिद और नफीस खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
