स्टोन क्रेशर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

स्टोन क्रेशर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
स्टोन क्रेशर में चोरी की घटना का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान।

चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद, आरोपियों को भेजा जेल

सहारनपुर। थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने स्टोन क्रेशर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया तांबे का तार, ट्रॉली जैक, 100 किलोग्राम जैप्लेट और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के ग्राम सतपुरा में झंडे के सामने स्थित एक बंद स्टोन क्रेशर में चोरी की घटना हुई थी। मामले की जांच और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक हवन सिंह चीमा और उपनिरीक्षक संजीव यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कस्बा बिहारीगढ़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलेमान पुत्र इस्तयाक और आफाक पुत्र अशवाक निवासी ग्राम मोहंड, थाना बिहारीगढ़ तथा टिंकू पुत्र काशीराम निवासी खुशहालीपुर खुर्द, थाना बिहारीगढ़ के रूप में हुई है।

पीछे की दीवार तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर चार अक्टूबर को ग्राम सतपुरा स्थित बंद स्टोन क्रेशर की पीछे की दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी से संबंधित 4 किलो 800 ग्राम तांबे का तार, एक ट्रॉली जैक और 100 किलोग्राम जैप्लेट बरामद किया। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

Leave a Reply