अरबीन चौहान हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, 11 नामजदों में आठ पुलिस की गिरफ्त में
बुड्ढाखेड़ा रोड से पकड़े गए योगेश और सोनू, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गंगोह। कल्लरहेड़ी स्थित टायर फैक्ट्री के मालिक अरबीन चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सनोली निवासी योगेश और सोनू को बुड्ढाखेड़ा रोड स्थित पशु पैठ के पास से पकड़ा गया। मामले में नामजद 11 आरोपियों में से अब तक आठ गिरफ्तार हो चुके हैं।
नौ अक्टूबर की रात फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और दुर्गंध का विरोध करने कुछ गांवों के लोग वहां पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान मारपीट हुई, जिसमें फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान, उनके साझेदार सादिक और दूसरे पक्ष का एक युवक घायल हो गए। अरबीन की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
फैक्ट्री के चौकीदार किशन सिंह की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सांसद इकरा हसन, विधायक नाहिद हसन तथा आसपा नेता महताब अली के साथ कोतवाली में धरना भी दिया था।
पुलिस के अनुसार, शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
