‘अयोध्या में रामभक्तों पर अब नहीं चलेंगी गोलियां’, सपा पर बरसे CM योगी
अयोध्या की निषाद बस्ती में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी. जय श्रीराम बोलने पर किसी को लाठी-डंडे चलाने की अनुमति नहीं होगी. उन्होंने कहा कि पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर भी अब कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकेगा. सभी लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि आने वाले समय में अयोध्या पर किसी मंथरा और किसी मारीच की कुदृष्टि न पड़े.
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के संघर्ष और उनके सहयोगियों का उल्लेख करते हुए कहा कि निषादराज, माता शबरी, वानर और भालुओं के सहयोग से प्रभु श्रीराम ने राक्षसी शक्तियों के खिलाफ मोर्चाबंदी की थी. उन्होंने कहा कि नई अयोध्या के निर्माण में केवल सरकार का ही योगदान नहीं है, बल्कि पार्षदों, सफाईकर्मियों, नाविकों और माझियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद करेंगी.
‘विकास की विरासत को सुरक्षित रखना स्थानीय लोगों की जिम्मेदारी’
सीएम योगी ने कहा कि सरकार निर्माण करा सकती है, लेकिन विकास की विरासत को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की भी है. इस दौरान उन्होंने सफाईकर्मियों, नाविकों, माझियों, निषाद समाज के लोगों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली का उपहार देकर उनके योगदान के लिए आभार जताया.
हर घर में जले खुशियों का दीप, कोई परिवार दीपावली के उल्लास से वंचित न रहे: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए. कोई भी परिवार त्योहार के उल्लास से वंचित न रहे, इसके लिए जरूरतमंद परिवारों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों से खरीदारी करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीयों से घरों को रोशन करने के साथ स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों के जीवन में भी खुशियां लाएं. उन्होंने कहा कि अयोध्या की प्राचीन दीपावली परंपरा को दीपोत्सव के माध्यम से नई भव्यता और वैश्विक पहचान मिली है.
सीएम योगी ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का संदेश देता है. उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ दीपावली मनाने की अपील की.
