सिवनी में 3 मंजिला मकान में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में एक सर्राफा व्यापारी के मकान में भीषण आग लगने से परिवार के 6 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के समय मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सोते हुए लोगों को नहीं मिला संभलने का मौका
जानकारी के अनुसार, यह हादसा जैन मोहल्ला निवासी प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में हुआ। सुबह करीब 4 बजे, जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी अचानक आग भड़क उठी।
देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में धुआं व आग फैल गई। घटना की भनक लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया।
दमकल और रेस्क्यू टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल पर मौजूद एसडीओपी अपूर्व भलावी ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में लगी आग पर दमकल और रेस्क्यू दल ने कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पा लिया है।
