‘कोई भी सपा कार्यकर्ता ये कहता नजर न आए कि सरकार आने दो, तब देख लेंगे’, शिवपाल यादव ने दी सख्त हिदायत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने दीपावली के मौके पर सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2027 के चुनाव को ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने और अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहने की अपील की।
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत देते हुए साफ कहा कि कोई भी सपा कार्यकर्ता किसी को धमकी देता नजर नहीं आना चाहिए। खासतौर पर कोई यह कहते हुए न दिखे कि सरकार आने दो, फिर देख लेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पार्टी से बाहर कर दिया जाए।
शिवपाल ने 2027 के चुनाव को बताया ‘करो या मरो’ की लड़ाई
सैफई में आयोजित कार्यक्रम में शिवपाल यादव ने महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह देश की आजादी की लड़ाई पूरी ताकत और एकजुटता के साथ लड़ी गई थी, उसी तरह समाजवादियों को 2027 के विधानसभा चुनाव में जुटना होगा।
उन्होंने कहा, “गांधी जी ने एक ही नारा दिया था ‘करो या मरो’। अबकी बार उसी तरीके से 2027 का चुनाव हम सभी समाजवादियों के लिए करो या मरो की लड़ाई है। इस चुनाव में सभी लोगों को अपने-अपने बूथ पर लगना पड़ेगा।”
शिवपाल के इस बयान को पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर करने की चेतावनी
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसी को धमकी न दे और न ही ऐसी भाषा का इस्तेमाल करे जिससे लोगों में डर या गलत संदेश जाए।
उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता यह न कहे कि चुनाव हो जाने दो, सरकार आने दो, फिर देख लेंगे। इस तरह की धमकी देने वालों के खिलाफ जिला अध्यक्षों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
शिवपाल की इस हिदायत को चुनाव से पहले सपा की छवि को अनुशासित बनाए रखने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अखिलेश और शिवपाल ने सैफई में कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
दिवाली के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन किए और निषाद बस्ती के दिवाली मिलन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और महासचिव शिवपाल यादव ने सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुटी है। शिवपाल यादव के बयान से साफ संकेत मिला है कि पार्टी इस बार बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरना चाहती है।
