सड़क पर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का कार्य मानवता की मिसाल
गंगोह: मानवता को छोड़ अक्सर लोग सड़क हादसों में घायलों को देखकर भी अनदेखा करके निकल जाते हैं। वहीं कुछ लोग आज भी इंसानियत की मिसाल पेश करने का काम कर रहे हैं। ऐसा ही एक कार्य गांव खड़लाना के निवासियों ने किया है।
खड़लाना के पास एक अज्ञात युवक दुर्घटना में घायल अवस्था में पड़ा मिला। इसी दौरान वहां से कई लोग गुजरे, मगर खड़लाना निवासी सावन पुत्र फूल सिंह व अन्य कुछ युवकों ने उसकी ओर मदद का हाथ बढ़ाया। युवकों ने घायल युवक को उठाकर एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां से गंभीर अवस्था में घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी से भी घायल को रेफर कर दिया गया है।
घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय रोहित पुत्र सुभाष खेड़ी खुशनाम जिला थानाभवन के रूप में हुई है। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग इन युवकों के जज्बे और नेकदिली की जमकर सराहना कर रहे हैं।
