नोएडा जिला अस्पताल ने दीवाली के लिए 15 बेड और हेल्पलाइन सेवाएं तैयार कीं
नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ने दीपावली और छठ पर्व के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पताल ने गंभीर मरीजों और झुलसने वाले लोगों के इलाज के लिए 15 बेड आरक्षित किए हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पटाखों और दीयों से जलने वाले मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस दौरान इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 9266415003 और 9266415010 जारी किए गए हैं। इसके अलावा, एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर उपलब्ध रहेगा।
सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों को 24 घंटे ऑन कॉल रहने के निर्देश दिए गए हैं। सर्जरी विभाग के डॉ. राजेंद्र कुमार को चिकित्सकीय सलाह के लिए नोडल बनाया गया है। अन्य विशेषज्ञों में डॉ. आलोक वर्मा (वरिष्ठ परामर्शदाता), डॉ. सतेंद्र कुमार (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. एसके गुप्ता (फिजिशियन), डॉ. मनोज कुमार (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. अरविंद कुमार अत्री (हड्डी रोग विशेषज्ञ) और डॉ. अभिषेक दुबे (चर्म रोग विशेषज्ञ) शामिल हैं।
आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। आईसीयू और इमरजेंसी की जिम्मेदारी डॉ. असद महमूद को सौंपी गई है, जबकि नर्स पैटीशा और अनुगृह को दवाइयों की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि त्योहार के दौरान मरीजों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
