रोडवेज की चपेट में आए दो बाइक सवार युवक, गंभीर घायल, हायर सेंटर रैफर
छुटमलपुर। रुड़की रोड स्थित गांव भैंसराऊ के निकट रोडवेज बस और मोटरसाईकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान बंटी पुत्र सौरभ और विकास पुत्र रामकुमार निवासी गांव बिंदो खड़क, थाना भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे के समय दोनों युवक मोटरसाईकिल पर सवार थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
उपनिरीक्षक सुबोध शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। साथ ही रोडवेज बस और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
