आईएमए के दीपावली मिलन समारोह में भजनों की धूम, डांडिया रास पर झूमीं महिला चिकित्सक
भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर चिकित्सकों ने लिया आनंद, परिवार सहित पहुंचे डॉक्टरों ने एक-दूसरे को दी दीपावली की शुभकामनाएं
सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की सहारनपुर शाखा की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को अंबाला रोड स्थित रुतबा में भजन क्लबिंग एवं डांडिया रास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने अपने परिवारों के साथ भाग लिया और भक्ति गीतों, संगीत तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहर के मेयर डॉ. अजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से भजनों पर झूमते हुए भक्ति का आनंद लिया। इसके बाद डांडिया रास का आयोजन हुआ, जिसमें महिला चिकित्सकों और चिकित्सकों की पत्नियों ने पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सभी ने डांडिया नृत्य का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. डीके गुप्ता ने कहा कि दीपावली भाईचारे और एकता का पर्व है। इस तरह के आयोजन चिकित्सकों के बीच आपसी सौहार्द और मेलजोल को बढ़ावा देते हैं। साथ ही तनावपूर्ण चिकित्सकीय जीवन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और संस्था को भी सक्रिय एवं मजबूत बनाते हैं।
मानद सचिव डॉ. अनुपम मलिक ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आईएमए परिवार प्रत्येक पर्व को मिल-जुलकर मनाता है। सांस्कृतिक सचिव डॉ. पूजा खन्ना और कोषाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में शहर के मेयर डॉ. अजय सिंह, डॉ. प्रशांत खन्ना, डॉ. सौम्या जैन, डॉ. नरेश नौसारन, डॉ. पूजा खन्ना, डॉ. महेश ग्रोवर, डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, डॉ. रजनीश सिंघल, डॉ. रविन्द्र राणा, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. वंदना आर्य, डॉ. उत्कर्ष नौसारन, डॉ. दीपशिखा खन्ना, डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, डॉ. विवेक बनर्जी, डॉ. नीतू जैन, डॉ. रिचा तिवारी, डॉ. रजनीश दहिया, डॉ. वीके भार्गव, डॉ. महेश गोयल, डॉ. नीरज आर्य, डॉ. मोहन पांडे, डॉ. कुणाल जैन, डॉ. संजीव कुमार मित्तल, डॉ. अरविंद चौधरी, डॉ. मंदीप सिंह, डॉ. रवि ठक्कर, डॉ. अमरजीत पोपली, संदीप गर्ग, डॉ. उदय राज सिंह, डॉ. एस. नागपाल, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. ईशांक गुप्ता, डॉ. सीएस चोपड़ा, डॉ. राजेश शर्मा और डॉ. नरेश सैनी सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे।
