‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ ने ली गाजियाबाद पुलिस चौकी पर धमाके की जिम्मेदारी, अलर्ट पर एजेंसियां
साहिबाबाद (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात हुए विस्फोट के मामले में जांच तेज हो गई है। रात करीब 10 बजे अचानक हुए धमाके से पुलिस चौकी के दो कमरों की खिड़कियां टूट गईं, जबकि दीवार में भी दरार आ गई। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
शनिवार सुबह पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ आईबी समेत अन्य जांच एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंका गया था। हालांकि, विस्फोटक की प्रकृति और घटना के पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस कमिश्नर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गाजी-2 नाम के संगठन ने ली ब्लास्ट की जिम्मेदारी
वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए विस्फोट के बीच गाजी-2 नाम के एक संगठन की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। संगठन की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली गई है।
हालांकि, इस संगठन की वास्तविक पहचान और उसकी गतिविधियों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि गाजी-2 कोई आतंकी संगठन है या किसी अन्य प्रकार का संगठन। जिस एक्स अकाउंट से जिम्मेदारी लेने की पोस्ट की गई है, उसके केवल दो फॉलोअर बताए जा रहे हैं। यह अकाउंट अगस्त 2025 में बनाया गया था।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, संगठन की पहचान और विस्फोट के पीछे की साजिश की जांच कर रही हैं। एजेंसियां इस बात का भी पता लगा रही हैं कि विस्फोटक किसने फेंका और इसका वास्तविक मकसद क्या था।
