‘आप पर गर्व है मां’, राहुल गांधी का सोनिया गांधी को इमोशनल मैसेज

‘आप पर गर्व है मां’, राहुल गांधी का सोनिया गांधी को इमोशनल मैसेज

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आने वाली किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर दिए गए एक इंटरव्यू पर राहुल गांधी ने भावुक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपनी मां की तारीफ करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में 60 साल बिताने के बाद भी वह आज वैसी ही हैं. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोनिया गांधी के इंटरव्यू का अंश साझा करते हुए लिखा, ’60 साल सार्वजनिक जीवन में रहने के बाद भी आप वही इंसान हैं. मां, मुझे आप पर गर्व है.’

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी के उस बयान को भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के मूल्यों, परिवार और दोस्तों के प्रति वफादारी, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना का जिक्र किया है. सोनिया गांधी ने यह इंटरव्यू अपनी आने वाली किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर अंग्रेजी अखबार ‘द हिंदू’ को दिया है.

‘राजीव ने 60 साल पहले जिस इंसान से मुलाकात की थी, मैं आज भी वही हूं’

सोनिया गांधी ने इंटरव्यू में कहा कि बचपन में सीखे गए मूल्य आज भी उनके भीतर कायम हैं. उन्होंने कहा, ‘मैंने उन मूल्यों के प्रति सच्चा बने रहने की पूरी कोशिश की है. परिवार और दोस्तों के प्रति वफादारी, ईमानदारी, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता और अपने कर्तव्यों व जिम्मेदारियों को निभाने की भावना. मैं कह सकती हूं कि मैं आज भी वही इंसान हूं, जिससे राजीव 60 साल पहले मिले थे.’ राहुल गांधी ने इसी बयान को साझा करते हुए अपनी मां के प्रति गर्व और सम्मान जाहिर किया. उनकी पोस्ट में मां के लिए प्यार और भावुकता भी नजर आई.

सोनिया गांधी बोलीं- BJP-RSS सरकार में देश की संस्थाओं को नुकसान पहुंचा

इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और पिछले 12 वर्षों में देश की स्थिति पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शासन में देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को काफी नुकसान पहुंचा है.

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के जाने के बाद भी लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को दोबारा स्वस्थ स्थिति में लाने में समय लगेगा. इसके लिए राजनीतिक दलों को भी काफी प्रयास करने होंगे. सोनिया गांधी के मुताबिक, लोग अब इस नुकसान को समझने लगे हैं और उनमें बेचैनी बढ़ रही है. हालांकि, उन्होंने देश में बेहतर शासन व्यवस्था की वापसी को लेकर उम्मीद जताई.

कांग्रेस के भविष्य पर बोलीं- पार्टी के आगे बढ़ने की संभावनाएं बेहतर हो रही हैं

कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी के रूप में उसके कमजोर होने से जुड़े सवाल पर सोनिया गांधी ने निराशा जताने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों को समान अवसर नहीं मिले हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का संस्थाओं पर पूरा नियंत्रण है, खासकर चुनाव आयोग पर उसका प्रभाव है. इसके अलावा मुख्यधारा के मीडिया पर नियंत्रण, धनबल और धर्म के इस्तेमाल का भी जिक्र किया. सोनिया गांधी ने कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस संघर्ष कर रही है और आगे बढ़ रही है.

उन्होंने चुनावों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हाल के महीनों में यह साबित हुआ है कि कई चुनावों में धांधली हुई है और अब लोग भी इसके प्रति जागरूक हो रहे हैं. सोनिया गांधी के मुताबिक, कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर काम कर रही है और पार्टी की संभावनाएं दिन-ब-दिन बेहतर हो रही हैं.

‘Belonging: A Journey of Love’ में राजीव-सोनिया की प्रेम कहानी भी

सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब Belonging: A Journey of Love हार्परकॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित की जा रही है. यह उनकी निजी जिंदगी पर आधारित संस्मरण है, जिसमें राजनीति को जीवन की पृष्ठभूमि के तौर पर रखा गया है.

किताब में राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते को भी प्रमुखता दी गई है. यह उनकी प्रेम कहानी और उस रिश्ते के विस्तार की कहानी है, जिसने सोनिया गांधी को राजीव के परिवार से जोड़ा. इसके बाद वह धीरे-धीरे सत्ता के शीर्ष गलियारों तक पहुंचीं और अनिच्छा के बावजूद सार्वजनिक जीवन और राजनीति का हिस्सा बनीं. आगे चलकर वह देश की प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल हुईं.

Leave a Reply