अयोध्या में दीपोत्सव की धूम, CM योगी ने आने वाले मेहमानों का किया अभिनंदन
उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है. सरयू नदी के तट पर बसी रामनगरी में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है. लाखों दीपों की रोशनी से अयोध्या को जगमगाने की तैयारी की गई है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपनी भावनाएं साझा की हैं. उन्होंने इसे करोड़ों सनातनियों की आस्था और वर्षों की प्रतीक्षा का परिणाम बताया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज अयोध्या धाम अलौकिक उल्लास, गौरव और भक्ति के महाकुंभ ‘दिव्य दीपोत्सव’ के लिए पूरी तरह सज्जित है. उन्होंने इस आयोजन में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों और देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया.
योगी आदित्यनाथ ने पूज्य साधु-संतों और रामभक्तों का भी प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर अभिनंदन किया. उनके मुताबिक, सभी अतिथियों की मौजूदगी इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी.
लाखों दीपों से रोशन होगी रामनगरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सालों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनी आस्थाओं का परिणाम आज लाखों दीपों की स्वर्णिम आभा के रूप में दिखाई देगा. उन्होंने दीपोत्सव को अंधकार पर प्रकाश, सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का प्रतीक बताया. योगी ने लिखा कि अवधपुरी का कण-कण आज आह्लादित और स्पंदित है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समता, समरसता, सांस्कृतिक एकता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव का संदेश देता है. साथ ही उन्होंने सभी लोगों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस महापर्व का साक्षी बनने की अपील की.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ किया. उनका यह संदेश दीपोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाता है.
