राहुल ने E20 पर केंद्र को घेरा, BJP का पलटवार- ‘आपकी सरकार लाई थी ये कानून’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एथनॉल में हो रहे मिलावट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कर्नाटक में हुए जांच के आधार पर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वहां के पेट्रोल में 20 फीसदी से ज्यादा एथनॉल पाया गया है, जो 31 फीसदी के करीब है. ये सरकार लोगों से झूठ बोल रही है. राहुल गांधी के आरोप पर बीजेपी ने पलटवार किया है. इस मुद्दे पर बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हे प्रभु जगन्नाथ भटके हुए को रास्ता दिखाए.
निशिकांत दुबे ने साल 2011 के एक कानून का जिक्र करते हुए लिखा कि राज्य में मिलावट की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है. इससे संबंधित कानून आपकी सरकार ने ही बनाया है. अब कर्नाटक में अपने मुख्यमंत्री के ऊपर कार्यवाही करने के बदले आप ट्वीट कर रहे हैं.
शाहनवाज हुसैन ने राहुल पर साधा निशाना
राहुल गांधी के मिलावट वाले आरोपों पर बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एथनॉल को लेकर यूट्यूबर्स की तरह भ्रम फैला रहे हैं. राहुल गांधी इस देश के किसानों को गाली दे रहे हैं. किसान जो अन्न पैदा करते हैं उस से एथेनॉल बनता है. राहुल गांधी बिना रिसर्च के ऐसी बात करते हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. पूरी दुनिया में एथेनॉल का प्रयोग होता है. शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि वोट और अधिकार दोनों कांग्रेस चोरी करती थी. कांग्रेस जब चुनाव जीत जाते हैं तो EVM अच्छा, हार गए तो सवाल उठाते हैं. रामलीला मैदान की रैली फ्लॉप होने के बाद लगातार मुद्दे बदल रहे. अब इथेनॉल पर आ गए. इसका भी जवाब देंगे.
