‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान’ की विरासत को किया गया ध्वस्त? अखिलेश के दावे पर परिवार का बयान
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने एक सोशल मीडिया पर ‘भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान’ के विरासत को ध्वस्त करने का दावा किया है. सपा चीफ अखिलेश यादव के दावे पर प्रशासन का जवाब सामने आया है. प्रशासन और स्थानीय लोगों ने अखिलेश यादव के दावे को खारिज किया है और इसे निराधार बताया है.
भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के विरासत को ध्वस्त करने के अखिलेश यादव के दावे पर स्थानीय लोगों और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह बिस्मिल्लाह खान के परिजनों द्वारा ही निजी कर्मचारियों द्वारा मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है. इसमें सरकार अथवा प्रशासन का कोई भी हस्तक्षेप नहीं है.
बिस्मिल्लाह खान के नाम पर बनेगा म्यूजियम
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ट्वीट पर बिस्मिल्लाह खान के परिवार के लोगों की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा है कि आपसी सहमति के साथ जर्जर मकान की मरम्मत करवाई जा रही है. इसमें प्रशासन का हस्तक्षेप नहीं है.
बिस्मिल्लाह खान के परिवार का कहना है कि यहां करीब एक हफ्ते से मरम्मत कार्य जारी है. प्रथम तल पर म्यूजियम बनवाया जाएगा. दूसरे तल पर परिवार के सदस्यों के रहने के लिए जगह होगी. इसमें प्रशासन का कोई हस्तक्षेप नहीं है. बताया जा रहा है कि इस मकान में परिवार के कुल 20 सदस्य रहते हैं.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट पर क्या दावा किया?
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?” उन्होंने आगे लिखा, “भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं, क्योंकि इन पुरातनपंथी-रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं. सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी. इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं.
BJP नफरत की आग में देश को पहुंचा रही नुकसान- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा कि, “जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना, उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है. भाजपा नफ़रत की आग में जलकर देश को नुक़सान पहुँचा रही है.” अखिलेश यादव ने कहा, “सरकार में आने पर हम ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह ख़ान’ जी की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे.”
