अम्बेहटी प्रकरण में आरोपी मोनू गिरफ्तार
अंबेहटा (सहारनपुर) : नकुड़ कोतवाली क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ के मामले में वांछित आरोपी मोनू पुत्र सुरेंद्र कुमार को पुलिस ने सहारनपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
बच्ची के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी में देरी को लेकर लोगों ने नकुड़ कोतवाली में धरना-प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस की ओर से 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त हुआ था।
वहीं, आरोपी पक्ष के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र बौद्ध ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
