मिशन शक्ति: चारू गुर्जर बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य, रौनक ने संभाली प्रबंधक की जिम्मेदारी
चारू ने सुनीं अभिभावकों की समस्याएं, रौनक ने कर्मचारियों को दिए विद्यालय में साफ-सफाई रखने के निर्देश
नकुड़ (सहारनपुर), 16 अक्टूबर। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत केएलजीएम इंटर कॉलेज में छात्राओं को नेतृत्व और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अनुभव कराने के उद्देश्य से अनूठी पहल की गई। इसके तहत जिले में नौवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा चारू गुर्जर को एक दिन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य, जबकि छात्रा रौनक को एक दिन की प्रबंधक बनाया गया।
एक दिन की प्रधानाचार्य बनीं चारू गुर्जर ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, प्रबंधक की जिम्मेदारी संभालने वाली रौनक ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में राजस्व कर्मी नेहा गुप्ता ने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को अपने अधिकारों की जानकारी होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनना भी जरूरी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य कैप्टन गौरव मिश्रा ने कहा कि आज भारत में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी किसी भी दृष्टि से पुरुषों से कम नहीं है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधक सरस गोयल, प्रवक्ता सुभाष गुप्ता, नोडल अधिकारी संध्या सिंह, सलीम अहमद, पूनम त्यागी, भारत धीमान सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
