कुतुबशेर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, कब्जे से तीन अवैध चाकू बरामद
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल
सहारनपुर, 16 अक्टूबर। जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक पंकज शर्मा और उपनिरीक्षक रामबाबू के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दबनी कब्रिस्तान खड़ंजे वाली रोड से दो आरोपियों शहवाज उर्फ सोनू और शमशेर पुत्रगण एजाज, निवासी अमजदनगर पीरवाली गली, थाना मंडी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
एकता कॉलोनी से तीसरा आरोपी गिरफ्तार
वहीं, थाना कुतुबशेर पुलिस ने गश्त के दौरान एकता कॉलोनी से अहसान उर्फ एहसान पुत्र मोहम्मद रहमान, निवासी रसूलपुर दानिश कॉलोनी, जिम वाली गली, थाना मंडी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भी एक अवैध चाकू बरामद किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
