सहारनपुर: नवंबर में होगी पांवधोई नदी की सफाई, व्यापार बंधु की बैठक में उठा अतिक्रमण और जलनिकासी का मुद्दा
नगर निगम में व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की बैठक, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, सफाई और जाम की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर
सहारनपुर, 16 अक्टूबर। नगर निगम के शाकंभरी सभागार में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव की अध्यक्षता में व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इनमें व्यापारियों और उद्यमियों ने शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नाला एवं सड़क निर्माण, जलनिकासी, अतिक्रमण और यातायात जाम सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
नवंबर में कराई जाएगी पांवधोई नदी की सफाई
व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई नदी की सफाई का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि फिलहाल ढमोला नदी की सफाई का कार्य किया जा रहा था। नवंबर माह में पांवधोई नदी की सफाई भी करा दी जाएगी।
व्यापारी राजेश गुलाटी ने वार्डों में फॉगिंग और चूना छिड़काव नियमित रूप से नहीं होने की शिकायत की। इस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत रोस्टर बनाकर प्रतिदिन 14 वार्डों में साफ-सफाई, चूना छिड़काव, एंटीलार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त 22 वार्डों के बाहरी क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों पर दो वाहनों के माध्यम से एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
बैठक में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत बनाई जा रही सड़कों के फुटपाथ अधिक चौड़े बनाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं गौरव चौहान, अंकित जैन और निखिल गोयल आदि ने अंबाला रोड तथा घंटाघर पर बसों को खड़ा कर सवारियां भरने से लगने वाले जाम की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया।
औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क और नाला निर्माण की समीक्षा
उद्योग बंधु की बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) द्वारा उठाए गए सड़क निर्माण संबंधी मामलों पर मुख्य अभियंता ने बताया कि मैसर्स आरती प्रिंटर्स से सुपर पेंट तक तथा अंबे इंडस्ट्रीज से रोहित के मकान तक नाली एवं सड़क निर्माण का कार्य पूरा कराया जा चुका है। इसके अलावा देहरादून रोड पर पंजाबी ढाबे से राजवाहे तक नाला निकासी का कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
उद्यमी अनूप खन्ना ने सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। वहीं मनजीत सिंह अरोड़ा, विकास मलिक और राजकुमार आदि ने पांवधोई नदी के किनारे अतिक्रमण तथा शारदानगर पुल पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या को प्रमुखता से रखा।
ओटीएस योजना का लाभ उठाने की अपील
बैठक में सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने व्यापारियों से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि बकाया टैक्स पर ब्याज में शत-प्रतिशत छूट का लाभ मिल सके।
बैठक में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव व विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, जीएम स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल और लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय (16 एसपीयूआर-1): नगर निगम के शाकंभरी सभागार में आयोजित व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
