अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर मांगी देश में अमनो चैन की दुआ

- सहारनपुर के ईदगाह स्थल पर ईद की नमाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम व एसएसपी
सहारनपुर। पवित्र रमजान माह में ईद का चांद दिखायी देने के बाद आज परम्परागत ढंग से ईद उल फितर का पर्व मनाया गया। ईद उल फितर पर अकीदतमंदों ने ईदगाह समेत समस्त मस्जिदों में नमाज अदा कर कौम की तरक्की व देश में अमन चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी और एक दूसरे को गले-मिलकर ईद पर्व की बधाई दी।
आज दिन चढ़ते ही अम्बाला रोड़ ईदगाह पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। ईदगाह में नमाजियों का पहुंचने का सिलसिला सुबह सात बजे से ही शुरू हो गया था। सुबह 8 बजे तक ईदगाह में हजारों लोग नमाज के लिए जमा हो गए थे तथा उसके बाद भी लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी था-छोटे बच्चों में नमाज को लेकर खासा उत्साह था। वह आकर्षक वस्त्रों में अपने परिजनों के साथ कंधों पर अथवा पैदल या फिर वाहनों से ईदगाह पहुंच नमाज में शामिल हुये थे। सुबह सवा आठ बजे शहर काजी नदीम अख्तर ने ईद की नमाज अदा कराई। शहर काजी ने पवित्र रमजान का महत्व बताते हुए कहा कि रमजान का महीना बरकत और खुद की इबादत का होता है जिसमें किसी दूसरे दिल दुखाने वाले को अल्लाह भी माफ नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि रमजान माह में हमें जकात सदका फितरा अवश्य निकालना चाहिए और गरीबों की अधिक से अधिक मदद करनी चाहिए। उन्होंने खुतबा फरमाते हुए कहा कि रमजान महीने में अल्लाह हमारे सभी गलतियां माफ कर देते हैं और उसके बाद ईद का पर्व आता है जो हमारे लिए खुशियों के साथ-साथ हमें नेक दिली और इंसानियत का फर्ज भी सीखना है। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद में सुबह सात बजे नमाज अदा हुई। इसी तरह महानगर की समस्त मस्जिदों में नमाज अदा की गई है। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की। उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किसी भी सूरत में सड़कों पर ईद की नमाज अदा न होने के निर्देशों के चलते ईदगाह पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे। ड्रोन कैमरों से आसपास के इलाकों में निगरानी की जा रही थी। चप्पे-चप्पे पर अर्द्ध सैनिक बलों के जवान, पुलिसकर्मी और पीएसी तैनात रही। इसके अलावा अग्निशमन वाहन एवं दंगा नियंत्रण वाहनों को भी तैनात किया गया था। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष बसंल, एसएसपी डॉ.रोहित सिंह सजवाण, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ.अर्चना द्विवेदी, महापौर डॉ.अजय सिंह समेत भारी संख्या में पार्षद एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।