E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ AAP का देशव्यापी अभियान, 1 अगस्त को दिल्ली में होगा नेशनल टाउनहॉल
सहारनपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार की E20 एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि इस नीति के लागू होने के बाद वाहनों की माइलेज प्रभावित हुई है और आम उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी के नेता योगेश दहिया ने बताया कि 1 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में “नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देशभर के नागरिक प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी भागीदारी दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से बड़ी संख्या में वाहन मालिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वाहनों की माइलेज में कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह E20 पेट्रोल नीति को लेकर लोगों की चिंताओं को गंभीरता से सुने, इसके प्रभावों की समीक्षा करे और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए।