सहारनपुर जनसुनवाई: चार शिकायतें पहुंचीं, एक का मौके पर हुआ समाधान

सहारनपुर जनसुनवाई: चार शिकायतें पहुंचीं, एक का मौके पर हुआ समाधान

सहारनपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को नगर निगम की जनसुनवाई में केवल चार शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से एक शिकायत का समाधान अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वार्ड-7 स्थित रंगढ़ों का पुल निवासी अहमद खान ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय ने संबंधित सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सफाई कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद समस्या का तत्काल समाधान कर दिया गया।

इसी वार्ड के सलीम अहमद ने अंबाला रोड स्थित गुरु नानक देव मार्केट के पास सड़क किनारे ट्रकों और कार के टायर रखे जाने से अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) टीम को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, वार्ड-66 की नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ ने क्षेत्र की खराब एलईडी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग की। दूसरी ओर, वार्ड-32 के खान आलमपुरा निवासी दानिश ने अब्दुल वली गली में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की शिकायत दर्ज कराई।

अपर नगर आयुक्त ने दोनों मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।