21 सूत्रीय मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों ने किया धरना-प्रदर्शन
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई) के बैनर तले शिक्षकों ने प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह पुंडीर ने शिक्षा के बाजारीकरण, व्यवसायीकरण और निजीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति तथा प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक पदों पर वेतनमान संबंधी मांगों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। मंडलीय मंत्री एवं प्रधानाचार्य प्रवीण मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया में एनओसी, मानव संपदा पोर्टल और आवेदन से जुड़ी सभी विसंगतियों को दूर कर शिक्षकों को शीघ्र स्थानांतरण का अवसर दिया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग की।
धरने को रामनरेश शर्मा, नरेश चंद चमोली, ललित मलिक और रामेंद्र वालिया सहित अन्य शिक्षकों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिलामंत्री अनिल कुमार ने किया। इस दौरान विनोद कुमार, बिशन सिंह, भूपेंद्र पुंडीर, राजेंद्र सिंह, सोमप्रकाश शर्मा, ऋषिपाल, प्रवीण चौधरी, सुदेश कुमार, प्रमेश, अहिबरन सिंह, मनोज सिंह, मुकेश, बासित अली, नूतन प्रकाश, मनोज पाल, सुभाष चंद, राजेश मिश्रा, अरशद जावेद, डॉ. हरिओम शरण त्रिपाठी, सुधीर शर्मा, ब्रजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
