Gen Z-Gen Alpha पर योगी सरकार का फोकस, जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी; स्किल, इनोवेशन और रोजगार पर जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य के युवाओं के लिए नई और समग्र यूथ पॉलिसी लाने की तैयारी कर रही है। यह नीति विशेष रूप से Gen Z और Gen Alpha की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाएगी, जिसमें शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नवाचार, स्वास्थ्य और नेतृत्व क्षमता पर विशेष जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की जरूरतों और अपेक्षाओं का आकलन कर एक एकीकृत युवा नीति का मसौदा तैयार किया जाए। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उद्यमिता और नवाचार की दिशा में भी प्रोत्साहित करना है।
नई नीति के तहत कौशल प्रशिक्षण, डिजिटल शिक्षा, स्टार्टअप संस्कृति, खेल सुविधाओं और करियर मार्गदर्शन को बढ़ावा देने की योजना है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के दायरे को विश्वविद्यालयों और कॉलेजों तक विस्तारित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
सरकार युवाओं के समग्र विकास की निगरानी के लिए विशेषज्ञों के एक स्वतंत्र आयोग के गठन पर भी विचार कर रही है। साथ ही औद्योगिक और रोजगार क्षेत्रों के विकास को तेज कर अधिक से अधिक रोजगार सृजित करने की रणनीति बनाई जा रही है।
योगी सरकार का मानना है कि उत्तर प्रदेश की युवा आबादी राज्य की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। इसी सोच के साथ नई यूथ पॉलिसी को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है
