आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम का मिजाज, उत्तर से मध्य भारत तक गर्मी से मिली राहत

आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम का मिजाज, उत्तर से मध्य भारत तक गर्मी से मिली राहत

नई दिल्ली। भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर और मध्य भारत के लोगों को गुरुवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कई इलाकों में तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

मौसम में यह बदलाव दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में देखने को मिला। कहीं तेज हवाएं चलीं तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को सुहाना बना दिया।

नोएडा-गाजियाबाद में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। एक निर्माणाधीन इमारत पर काम कर रहे श्रमिक की मौत भी हो गई।

हरियाणा में धूलभरी आंधी और बारिश के बीच शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बिजली का खंभा गिर गया, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पंजाब-हिमाचल में फसलों को नुकसान

पंजाब के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में कमी आई। वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कांगड़ा समेत कई इलाकों में हुई ओलावृष्टि से सेब, टमाटर, मटर और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है।

उत्तराखंड के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में देहरादून, मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में भी दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। कई जगहों पर टिन की छतें उड़ गईं और आम के पेड़ों को नुकसान पहुंचा।

यूपी में पश्चिमी जिलों में राहत, मध्य हिस्सों में गर्मी बरकरार

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में बादल छाए रहे, बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। हालांकि लखनऊ और मध्य यूपी के कई इलाकों में गर्मी और उमस बनी रही। मौसम विभाग ने सात जून तक प्रदेश के पश्चिमी और कुछ पूर्वी जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

बिहार के उत्तरी हिस्सों में भी आंधी और बारिश के आसार बने हुए हैं, जबकि दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव जारी है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदला मौसम

राजस्थान में धूलभरी हवाओं का दौर जारी रहा। श्रीगंगानगर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि बीकानेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।

मध्य प्रदेश के भोपाल, श्योपुर, विदिशा और हरदा समेत कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं और बारिश हुई। वहीं, छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

खराब मौसम से विमान सेवाएं प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदले मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। तेज धूलभरी आंधी और बारिश के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

करीब 12 उड़ानों को दिल्ली की बजाय अन्य शहरों की ओर मोड़ना पड़ा, जबकि कई फ्लाइट्स एक से दो घंटे तक देरी से संचालित हुईं।

अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों का रूट बदला

खराब मौसम के चलते बैंकॉक, फुकेट और मस्कट से दिल्ली आने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लखनऊ, जयपुर और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट किया गया।

इसके अलावा मुंबई, गोवा, कोलकाता, प्रयागराज, जम्मू, पुणे, पूर्णिया और अमृतसर से दिल्ली आने वाली कई घरेलू उड़ानों को भी वैकल्पिक हवाई अड्डों पर उतारना पड़ा।

Leave a Reply