ट्रंप ने फिर की पीएम मोदी की सराहना, बोले- भारत और अमेरिका के बीच जल्द होगा व्यापार समझौता
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने मोदी को अपना “अच्छा दोस्त” बताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मक प्रगति हो रही है और दोनों देश जल्द ही किसी सहमति पर पहुंच सकते हैं।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अतीत में भारत अमेरिका से अधिक शुल्क वसूलता था, जिससे अमेरिका को नुकसान होता था। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और अमेरिका को भारत के साथ व्यापार से बेहतर लाभ मिल रहा है।
ट्रंप ने कहा, “मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत पसंद हैं। वे मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बेहद अच्छे हैं और मुझे विश्वास है कि भारत और अमेरिका जल्द ही एक व्यापारिक समझौते पर पहुंच जाएंगे।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि यही भरोसा दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूती देगा।
गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने हाल ही में कई देशों से आयात होने वाले उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की है। अमेरिकी प्रशासन ने जबरन मजदूरी से जुड़े मुद्दों का हवाला देते हुए 60 देशों के उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात कही है, जिसमें भारत भी शामिल है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) द्वारा जारी सूची में भारत, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत 54 अर्थव्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। इन देशों से आने वाले कुछ उत्पादों पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।
