पंजाबी समाज की एकजुटता पर दिया गया जोर
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित होटल राजमहल में पंजाबी समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में समाज के जिला अध्यक्ष पाली कालड़ा का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज अपनी मेहनत, संघर्षशीलता, भाईचारे और सेवा भावना के लिए विशेष पहचान रखता है। समाज ने व्यापार, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देते हुए हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई है। सम्मान प्राप्त करने के बाद पाली कालड़ा ने कहा कि यह सम्मान पूरे पंजाबी समाज का सम्मान है। उन्होंने समाज की एकता को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए युवाओं को संगठन से जोड़ने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
वरिष्ठ समाजसेवी महेंद्र तनेजा ने कहा कि समाज को नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा और संस्कारों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वहीं विवेक मनोचा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और संगठन में निहित होती है। मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि पंजाबी समाज ने सहारनपुर के विकास, व्यापार, उद्योग और सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पाली कालड़ा के नेतृत्व में समाज नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर विक्की दुआ, किशन लाल मिड्ढा, मनोज मिड्ढा, रम्मी धवन, तिलक राज गांधी, ऋषभ कालरा, भारत गांधी, मिंटू कालड़ा, संजय अरोड़ा, अजय कालरा, गुलशन ढींगरा, अमित गांधी, गौरव गाबा, प्रवीण तनेजा, सरदार दिलजीत सिंह कोचर सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक एकता को और मजबूत बनाने तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
