लखनऊ। गाजियाबाद में डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर और जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी हर घर तिरंगा अभियान का विरोध करने पर हर तरफ से निंदा झेल रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने इनको सिरफिरा तक कहा है। इतना ही नहीं संत समाज भी इनके बयान के समर्थन में नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने यति नरसिंहानंद गिरी को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यति नरसिंहानंद गिरी सिरफिरे हैं। आज भी देश में ऐसे लोगों की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ ऐसे ही लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक को नहीं छोड़ा है। मैं इनके बयान की निंदा करता हूं।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी घरों में तिरंगा झंडा के स्थान पर भगवा ध्वज फहराने की अपील करने वाले स्वामी यति नरसिंहानंद गिरि के बयान की संतों ने भी निंदा की है। संतों की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने हर घर तिरंगा के विरोध में दिए यति नरसिंहानंद गिरी के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा हर भारतीय को तिरंगा लगाना चाहिए। परिषद ने यति नरसिंहानंद गिरी बयान की कड़ी निंदा की है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन बान और शान है। तीन दिन तक तो हर भारतीय को अपने घर पर तिरंगा लगाना चाहिए। रवींद्र पुरी ने जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि यति नरसिंहानंद गिरी जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर हैं। लिहाजा उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।अखाड़ा परिषद ने यति नरसिंहानंद गिरी के बयान से किनारा भी कर लिया।

यति नरसिंहानंद ने दिया था विवादित

जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद सरस्वती ने इस बार तिरंगे को लेकर विवादित बयान दिया। एक वीडियो बनाकर उन्होंने यूट्यूब पर पहले अपलोड किया फिर लोगों के समझाने पर उसे डिलीट कर दिया। इस बीच वीडियो वायरल भी हो गया। इस वायरल वीडियो में वह कह रहे हैं कि हर घर तिरंगा की जगह भगवा लहराया जाए। उनके वीडियो पर लोगों ने कमेंट करने शुरू कर दिए थे। नरसिंहानंद का कहना है कि हर घर पर भगवा ध्वज होना चाहिए। उनका कहना है कि एक बहुत बड़ा अभियान तिरंगे के नाम पर चल रहा है। अभियान भारत की सत्तारूढ़ पार्टी चलवा रही है। तिरंगे बनाने का सबसे बड़ा आर्डर बंगाल की कंपनी को दिया गया है। इसका मालिक गैर संप्रदाय से है। हर हिन्दू के घर पर हमेशा ही भगवा ध्वज होना चाहिए। यति नरसिम्हानंद गाजियाबाद के डासना मंदिर के विवादास्पद पुजारी हैं।

महंत बोले पुराना वीडियो है

विवादित बयान वायरल होने पर लोगों ने महंत पर कार्रवाई की मांग करने लगे। इस बारे नरसिंहानंद का कहना है कि यह 15 दिन पुराना वीडियो है।