नगर विधायक के नेतृत्व में व्यापारियों ने की मुख्यमंत्री से योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
सहारनपुर। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सहारनपुर के प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल के नेतृत्व में तथा विधायक राजीव गुंबर के सहयोग से लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात कर व्यापारियों एवं उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सहारनपुर में व्यापारियों की अधिकांश स्थानीय समस्याओं का समाधान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली व्यापार बंधु बैठकों में किया जा रहा है। साथ ही कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की गई। इन प्रमुख मांगों पर दिया गया जोर व्यापार मंडल ने सरसावा नागरिक हवाई अड्डे से शीघ्र हवाई सेवा शुरू कराने, दिल्ली रोड पर प्रस्तावित बस अड्डे का निर्माण कराने, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय का निर्माण जल्द पूरा करने, स्मार्ट सिटी की लंबित परियोजनाओं को पूरा कराने, औद्योगिक भूमि को फ्रीहोल्ड करने तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में होजरी क्लस्टर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी बनने से स्थानीय युवाओं को गुरुग्राम, नोएडा और बेंगलुरु जैसे शहरों में रोजगार के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा सहारनपुर से आनंद विहार तक संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार गुरुग्राम तक किए जाने की भी मांग की गई। मुख्यमंत्री ने दिया समाधान का आश्वासन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए प्रमुख मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधानसभा की कार्यवाही भी देखी लखनऊ प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजीव गुंबर के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया तथा विधानसभा भवन का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से विधायक राजीव गुंबर का शाल एवं पटका पहनाकर सम्मान किया गया।प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल, महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा, युवा महानगर अध्यक्ष अंकित जैन सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
