‘विपक्ष से बात कर आज ही तय करें NEET पर चर्चा का समय’, अमित शाह की ओम बिरला को चिट्ठी

‘विपक्ष से बात कर आज ही तय करें NEET पर चर्चा का समय’, अमित शाह की ओम बिरला को चिट्ठी

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक को लेकर छात्र आंदोलन पर विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने भी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की है। उन्होंने कहा है कि लोकसभा स्पीकर जितना चाहें उतना समय निश्चित करें।

अमित शाह ने कहा, “आपको विदित है कि माननीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू जी ने बिजनेस एडवाइजरी कमिटी की बैठक में सरकार की ओर से संसद में नीट परीक्षा पर छात्र आंदोलन पर चर्चा हेतु सहमति दी है।”

‘सरकार फिर से इस मुद्दे पर चर्चा को तैयार’

उन्होंने कहा, “मैं यह भी उल्लेख करना चाहता हूं कि विपक्ष के आग्रह से पूर्व में ही संसद के वर्तमान सत्र में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल, 2026 पर चर्चा हो चुकी है, जिसमें विपक्ष के किसी भी माननीय सांसद ने नीट परीक्षा के संबंध में सदन में कोई भी विचार व्यक्त नहीं किया। इसके बावजूद, सरकार पुनः इस मुद्दे पर चर्चा हेतु तैयार है।”

‘मैं विपक्ष के सभी प्रश्नों के उत्तर देने के लिए तैयार’

उन्होंने आगे कहा, “मेरा आपसे अनुरोध है कि आप विपक्ष से चर्चा कर, आपसी सहमति से आज से जितने समय, जितने घंटे आप उचित समझें, उतना समय आवंटित करने की कृपा करें। मैं निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर, इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेना चाहता हूं और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं।”

‘मेरा लोकतंत्र में अटूट विश्वास’

गृह मंत्री ने यह भी कहा, “लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है। मेरा, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और मेरा यह मानना है कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है। अतः, आपसे आग्रह है कि विपक्ष के नेताओं से चर्चा करके, इस महत्वपूर्ण विषय पर एक अच्छे वातावरण में चर्चा कराने की कृपा करें, ताकि इस विषय पर पक्ष विपक्ष के सभी माननीय सदस्य अपने बहुमूल्य मत एवं विचार प्रस्तुत कर सकें।”