‘सोनम वांगचुक का अनशन विपक्ष के भ्रमजाल का हिस्सा’, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हमला

‘सोनम वांगचुक का अनशन विपक्ष के भ्रमजाल का हिस्सा’, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हमला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता को भ्रमित करने के लिए समय-समय पर अलग-अलग मुद्दों को आगे बढ़ाता रहा है, लेकिन अब देश की जनता ऐसे प्रयासों में नहीं आने वाली।

केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है और उससे कोई भी सच्चाई छिपी नहीं रह सकती। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है, जिसका प्रमाण लगातार तीन लोकसभा चुनावों और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे हैं।

‘विपक्ष मुद्दाविहीन राजनीति कर रहा है’

डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से दूर होने के बाद विपक्ष की बेचैनी अब नफरत में बदल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष समय-समय पर अलग-अलग आंदोलनों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश करता है।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कभी किसान आंदोलन, कभी शाहीन बाग, कभी एसआईआर और कभी घुसपैठ जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष ने राजनीति की, लेकिन जनता ने हर बार लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब दिया।

‘सोनम वांगचुक का अनशन भी उसी कड़ी का हिस्सा’

केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि सोनम वांगचुक का अनशन भी विपक्ष की उसी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब “झूठे भ्रमजाल” में फंसने के बजाय विकास, सुरक्षा और सुशासन के आधार पर अपना फैसला करती है।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि “वामपंथी ढपली के साथ सोनम वांगचुक का अनशन भी उसी झूठे भ्रमजाल का जीता-जागता उदाहरण है।”

‘बीजेपी के साथ जनता का भरोसा कायम’

मौर्य ने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र “व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश” रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में विकास और जनकल्याण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां जनता दोबारा भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है, जबकि जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में नहीं है, वहां भी लोग परिवर्तन चाहते हैं और आने वाले चुनावों में कमल खिलने का विश्वास जता रहे हैं।

‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प का किया जिक्र

अपने संदेश के अंत में उपमुख्यमंत्री ने भाजपा की विचारधारा का उल्लेख करते हुए लिखा कि “तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।” उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” और “विकसित भारत” का संकल्प ही देश को विश्व में सर्वोच्च स्थान दिलाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।