‘सपा का झंडा लगाकर खुलकर बैटिंग करें’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर ओमप्रकाश राजभर का तंज

‘सपा का झंडा लगाकर खुलकर बैटिंग करें’, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर ओमप्रकाश राजभर का तंज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के हालिया राजनीतिक बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि शंकराचार्य समाजवादी पार्टी के पक्ष में खुलकर बोलना चाहते हैं तो उन्हें अपनी गाड़ी पर सपा का झंडा लगाकर खुलकर राजनीति करनी चाहिए।

राजभर ने यह बयान ऐसे समय दिया है, जब हाल के दिनों में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात और सरकार पर की गई टिप्पणियां लगातार चर्चा में हैं।

‘धर्म का प्रचार करें, राजनीति नहीं’

मीडिया से बातचीत में ओमप्रकाश राजभर ने कहा, “हम तो उन्हें सलाह देंगे कि कुर्ता-पायजामा सिलवा लें, गाड़ी में समाजवादी पार्टी का झंडा लगा लें और खुलकर बैटिंग करें। शंकराचार्य का काम धर्म का प्रचार-प्रसार करना है, राजनीति में दखल देना नहीं।”

उन्होंने आगे कहा कि जो लोग आज उनका समर्थन कर रहे हैं, वही पहले उनके विरोध में खड़े रहे हैं और केवल राजनीतिक लाभ के लिए उनका इस्तेमाल कर रहे हैं।

अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों से बढ़ा विवाद

हाल ही में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर सवाल उठाए थे। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे। लखनऊ में अखिलेश यादव से उनकी करीब आधे घंटे की मुलाकात के बाद दोनों के बीच गौ संरक्षण और सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने उनके बयानों पर लगातार प्रतिक्रिया दी है।

सोनम वांगचुक के मामले में सरकार का बचाव

राजभर ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने के फैसले का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए जो निर्णय लिया गया, वह उचित था। गौरतलब है कि सोनम वांगचुक लंबे समय से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे और स्वास्थ्य खराब होने के बाद दिल्ली पुलिस उन्हें डॉक्टरों की सलाह तथा न्यायालय के निर्देशों के अनुसार अस्पताल ले गई।

जौहर यूनिवर्सिटी विवाद पर भी बोले राजभर

जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी राजभर ने समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि यदि भूमि संबंधी सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पूरी की गई होतीं तो आज इस तरह के विवाद की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला समाजवादी पार्टी के शासनकाल से जुड़ा है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी भी उसी पर आती है।

एनडीए में सीट बंटवारे पर दिया जवाब

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर एनडीए के घटक दलों की सीटों की दावेदारी पर पूछे गए सवाल के जवाब में राजभर ने कहा कि किसी भी सीट पर किसी एक दल का स्थायी अधिकार नहीं होता। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे का अंतिम निर्णय भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।