हिमाचल के चंबा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी गाड़ी, एक ही गांव के सात लोगों की मौत

हिमाचल के चंबा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरी गाड़ी, एक ही गांव के सात लोगों की मौत

चंबा। पुखरी के अंतर्गत चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुई बोलेरो (एचपी-01सी-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की बताई जा रही है।

मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे। धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान छतरूंड के समीप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है वहां सड़क किनारे क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क पर सुरक्षा प्रबंध होते तो संभवतः इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

छतरूंड के समीप बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। -विजय कुमार सकलानी पुलिस अधीक्षक, चंबा

Leave a Reply