‘इसको बड़े स्तर पर इंशाल्लाह अंजाम…’, UP चुनाव की तैयारियों को लेकर बोले जियाउर्रहमान बर्क

‘इसको बड़े स्तर पर इंशाल्लाह अंजाम…’, UP चुनाव की तैयारियों को लेकर बोले जियाउर्रहमान बर्क

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने कमर कस ली है. पार्टी की तरफ से मुस्लिम-यादव (एमवाई) समीकरण के बाद ब्राह्मणों को साधने की रणनीति बनाई जा रही है. इस बीच संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, “एक रणनीति के तहत अखिलेश यादव काम कर भी रहे हैं और पार्टी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी में लगी हुई है.”

जियाउर्रहमान बर्क ने चुनाव की तैयारियों को लेकर आगे कहा, “अभी शुरुआत है जो चल रही है. इसको बड़े स्तर पर इंशाल्लाह अंजाम दिया जाएगा. गोरखपुर के लिए खास तैयारी को लेकर जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, “अखिलेश यादव ने अगर कहा है तो यकीनन कुछ खास प्लानिंग की होगी, लेकिन हमारी कोशिश यही रहेगी कि पूरे उत्तर प्रदेश के अंदर समाजवादी पार्टी की मजबूत सरकार बनें. पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतें और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनें.”

आरएसएस को लेकर क्या बोले सपा सांसद?

आरएसएस को लेकर सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क ने कहा, “मैं कभी भी किसी भी हाल में हिंसा के समर्थन में बयान नहीं दूंगा, क्योंकि यह हमारे संविधान और हमारी कानून व्यवस्था के सिद्धांतों के खिलाफ है। हालांकि, मैं यह जरूर कहूंगा कि आरएसएस को भी अपने बारे में सोचना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “जब ​​कोई संगठन किसी देश में काम करता है, तो उसकी जिम्मेदारी समाज के सभी वर्गों के लिए काम करना और लोगों को एकजुट करना होना चाहिए इसलिए, आरएसएस को भी अपने काम के बारे में सोचना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसके कार्य रचनात्मक हों और लोगों के बीच नफरत पैदा न करें.

सपा चीफ ने बुलाई ब्राह्मण समाज के नेताओं की बैठक

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी संगठनात्मक और सामाजिक रणनीति को और तेज कर दिया है. इस बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण समाज से जुड़े पार्टी नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई.

इस बैठक को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करना है. साथ ही, पार्टी इस अवसर पर जनेश्वर मिश्र की जयंती को भी राजनीतिक संदेश के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी में है.

Leave a Reply