चेकिंग का दूसरा दिन: 135 परिसरों की हुई जांच, लगाए गए स्मार्ट मीटर
- चेकिंग के बाद लगातार घट रहा बिजलीघरों का लोड
देवबंद। मुख्य अभियंता राजेश कुमार एवं अधीक्षण अभियंता रविंद्र बाबू के नेतृत्व में मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर के हाईलाइन लॉस फीडर नंबर तीन क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया।
मंगलवार को अभियान के दौरान पीएसी बल और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों ने मोहल्ला बड़जियाउलहक, जाटव बस्ती तथा दारुल उलूम वक्फ क्षेत्र समेत विभिन्न इलाकों में चेकिंग की। अवर अभियंता विष्णु कोठारी ने बताया कि अभियान के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने 135 परिसरों की जांच की। अभियान की पूर्व सूचना मिलने के कारण अधिकांश उपभोक्ताओं ने अपने अवैध कनेक्शन पहले ही हटा लिए थे। उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शन हटने का असर 33 केवी विद्युत उपकेंद्र सांपला रोड से संचालित 11 केवी टाउन फीडर नंबर तीन के लोड पर स्पष्ट दिखाई दिया। जांच से पहले फीडर पर लगभग 300 एंपीयर लोड दर्ज किया जा रहा था, जो अभियान के बाद घटकर 185 एंपीयर रह गया। इससे बड़े पैमाने पर अवैध विद्युत उपयोग की पुष्टि हुई। इस दौरान दस उपभोक्ताओं के पुराने बिजली मीटर हटाकर उनकी जगह स्मार्ट मीटर लगाए गए।
