शिवसेना UBT छोड़ने वाले सांसदों के सामने संजय राउत ने रखी शर्त, ‘जिन्हें जाना है वो पहले…’
उद्धव बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में जाने वाले सांसदों के को संजय राउत ने बड़ी चेतावनी दे दी है. संभावित बगावत के बीच संजय राउत ने 6 सांसदों के सामने शर्त रख दी है कि अगर जाना है तो तुरंत जाएं, लेकिन उसके पहले इस्तीफा दे दें. सूत्रों की मानें तो उद्धव ठाकरे के 6 सांसद बुधवार (17 जून) की सुबह करीब 9.30 बजे एकनाथ शिंदे से मिले हैं.
संजय राउत का कहना है कि वह अभी तक यह मान कर चल रहे हैं कि सभी सांसद उनके साथ हैं और उनकी पार्टी एकजुट है क्योंकि अभी तक किसी ने चिट्ठी-पत्र आदि नहीं दिया है. हालांकि, टूट की आशंका के बीच प्रेस कांफ्रेंस के जरिए संजय राउत ने बागी सांसदों से दो टूक कहा, “इन सांसदों को उद्धव ठाकरे ने टिकट दिया. चुनाव लड़ने के लिए पैसा भी दिया. फिर भी अगर इनके बारे में ऐसी खबरें आती हैं तो ऐसे लोगों का खंडन करना चाहिए. उद्धव ठाकरे ने इन लोगों की हर संभव मदद की. इसके बावजूद अगर वह ऐसे बगावती कदम उठा रहे हैं तो महाराष्ट्र की जनता उनको छोड़ेगी नहीं.”
‘इस्तीफा देकर जाओ’, संजय राउत की सांसदों की दो टूक
संजय राउत ने बागी सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा, “जिसको जाना है वो पहले इस्तीफा दो. हमारी पार्टी से चुनकर आए हैं, हमारे वोटरों ने वोट दिया है. हमारी पार्टी की तरफ से व्हिप जारी किया गया है. कल संसदीय दल की मीटिंग होगी. ओम बिरला जी को भी पत्र लिखा है.”
‘भगवान और मां की शपथ लेकर कहा था उद्धव ठाकरे के साथ हैं’
संजय राउत ने दावा किया कि बीते रविवार को हुई सांसदों की बैठक में सभी ने कहा था कि वे पार्टी के साथ हैं, उद्धव ठाकरे के साथ हैं. उनमें से एक सांसद ने चार बार साईं बाबा की शपथ ली थी. एक ने मां भवानी की शपथ ली थी. एक ने अपनी मां की शपथ ली. उसके बाद भी अगर कोई ऐसा करेगा तो छोड़ेंगे नहीं.
वहीं, अरविंद सावंत का कहना है कि अभी उनसे किसी ने कुछ नहीं कहा है. किसी ने नहीं बोला कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं. हालांकि, यूबीटी नेतृत्व एहतियात बरतना चाहता है. इसलिए स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है.
