भारत के खिलाफ अपने पुराने ‘होम ग्राउंड’ पर उतरेगा अफगानिस्तान, इकाना स्टेडियम से जुड़ा है खास रिश्ता

भारत के खिलाफ अपने पुराने ‘होम ग्राउंड’ पर उतरेगा अफगानिस्तान, इकाना स्टेडियम से जुड़ा है खास रिश्ता

भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी. हालांकि मैच भारत में हो रहा है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इस मैदान पर अफगानिस्तान ने टीम इंडिया से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. अफगानिस्तान क्रिकेट के विकास में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का अहम योगदान रहा है. भारतीय बोर्ड ने न सिर्फ प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराईं, बल्कि अफगानिस्तान को अपने घरेलू मुकाबले खेलने के लिए भारत में मैदान भी मुहैया कराए इसी क्रम में साल 2019 में लखनऊ के इकाना स्टेडियम को अफगानिस्तान की घरेलू क्रिकेट गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया गया था. इसके अलावा अफगानिस्तान की टीम देहरादून और नोएडा के मैदानों को भी अपने होम ग्राउंड के तौर पर उपयोग कर चुकी है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज यहीं खेली थी

साल 2019 में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी घरेलू सीरीज के लिए इकाना स्टेडियम को चुना था. उस दौरे पर दोनों टीमों के बीच इसी मैदान पर तीन वनडे, तीन टी20 इंटरनेशनल और एक टेस्ट मैच खेला गया था. यही वजह है कि लखनऊ का यह मैदान अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के लिए किसी परिचित जगह से कम नहीं माना जाता.

इकाना में भारत से ज्यादा मैच खेल चुका है अफगानिस्तान

अगर इस मैदान पर खेले गए अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की बात करें तो भारतीय टीम ने अभी तक यहां कुल 5 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इनमें से चार मैचों में उसे जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. दूसरी तरफ अफगानिस्तान ने इकाना स्टेडियम में कुल 8 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इनमें टीम को 3 जीत और 5 हार मिली हैं. इसी मैदान पर अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत भी हासिल की थी. इकाना की पिच को पारंपरिक रूप से धीमा माना जाता है. यहां बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होता और अक्सर गेंदबाजों को मदद मिलती है.

भारत के खिलाफ जीत का इंतजार अब भी जारी

अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला था. तब से लेकर अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 16 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इन 16 मैचों में अफगानिस्तान को अभी तक एक भी जीत नहीं मिली है. भारत ने 14 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि एक मैच टाई रहा है. वहीं एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था.

दिलचस्प बात यह है कि भारत के अलावा अफगानिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन सभी टीमों को कम से कम एक बार हराया है, जिनके खिलाफ उसने दो या उससे अधिक मुकाबले खेले हैं. ऐसे में टीम इंडिया अब भी वह एकमात्र प्रतिद्वंद्वी बनी हुई है, जिसके खिलाफ अफगानिस्तान जीत का खाता नहीं खोल पाया है.

Leave a Reply