रणदेवा में रेत ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

रणदेवा में रेत ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
नकुड़ कोतवाली के सामने शव वाहन में सुंदर सिंह का शव रखकर कार्रवाई की मांग करते परिजन और ग्रामीण।

पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर नकुड़ कोतवाली पहुंचे ग्रामीण; पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप

नकुड़, 27 जुलाई (इंद्रेश)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रणदेवा निवासी रेत ठेकेदार सुंदर सिंह पुत्र मामचंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने दो लोगों पर जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण शव लेकर नकुड़ कोतवाली पहुंचे तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया।

मृतक के पुत्र चंद्रपाल ने तहरीर में दो व्यक्तियों को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने सुंदर सिंह को जहरीला पदार्थ देकर उनकी हत्या की है। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना रविवार को ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई।

मृतक के पुत्र तुषार ने बताया कि रविवार दोपहर सुंदर सिंह एक बच्चे को चिकित्सक को दिखाने के लिए नकुड़ आए थे। आरोप है कि चिकित्सक के क्लीनिक के पास दो व्यक्ति सुंदर सिंह के पास पहुंचे और बातचीत करने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गए।

तुषार के अनुसार, कुछ देर बाद सुंदर सिंह ने फोन पर बताया कि दोनों व्यक्ति उन पर रुपये बकाया होने का दबाव बना रहे हैं और कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ दे रहे हैं। सूचना मिलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुंदर सिंह के मिलने पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकुड़ ले जाया गया, जहां पहुंचते-पहुंचते वह अचेत हो गए।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर परिजन सुंदर सिंह का शव लेकर नकुड़ कोतवाली पहुंचे। शव को कोतवाली के सामने खड़े शव वाहन में रखकर पुलिस की कथित लेटलतीफी पर विरोध जताया गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक परिजन शव के साथ कोतवाली परिसर में मौजूद थे।

इस दौरान मृतक के पुत्र तुषार, रामकुमार, अरविंद गुर्जर, श्यामलाल, बिट्टू, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।