राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम ने अदालत के सामने किया आत्मसमर्पण, न्यायिक हिरासत में भेजी गई
शिलांग। पिछले साल हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपित सोनम रघुवंशी ने मेघालय की एक अदालत के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
ईस्ट खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सियेम ने बताया कि मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने 23 जुलाई को सोनम की जमानत रद कर दी थी और उसे तीन सप्ताह के अंदर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। उसे पिछले वर्ष जून में अपने व्यवसायी पति की हत्या के संबंध में गिरफ्तार किया गया था।
आरोपपत्र में सोनम रघुवंशी, उसके कथित साथी राज कुशवाहा और तीन कथित सुपारी किलर विशाल सिंह चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी के नाम शामिल हैं। पुलिस ने उन पर राजा की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
यह मामला 21 मई, 2025 का है, जब राजा और सोनम शिलांग पहुंचे और फिर सोहरा के लिए रवाना हुए। दंपति के लापता होने की सूचना 26 मई को मिली, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
राजा का शव 2 जून को वेई सावदोंग जलप्रपात के पास अरलियांग रियात कुनोंग्रीम में एक गहरी खाई से बरामद किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने एक व्यापक जांच शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप मेघालय के सबसे हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में से एक में कई गिरफ्तारियां हुईं।
