‘छात्र न्याय के हकदार’, राहुल गांधी ने उठाई जांच की मांग; SC की निगरानी में हाई लेवल कमेटी बनाने की अपील

‘छात्र न्याय के हकदार’, राहुल गांधी ने उठाई जांच की मांग; SC की निगरानी में हाई लेवल कमेटी बनाने की अपील

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पेललेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित ज्यादती की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र हाई लेवल कमेटी का गठन किया जाना चाहिए।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब छात्र प्रदर्शन में घायल बताए जा रहे शेख इरशाद मंसूरी की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट सामने आई है।

कांग्रेस नेता ने अपने पोस्ट में लिखा, “छात्र न्याय के हकदार हैं। उनके खिलाफ हुई कथित बर्बरता की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र हाई पावर कमेटी बनाई जानी चाहिए।”

राहुल गांधी ने मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के जरिए पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।